आइसक्रीम पार्लर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, दुर्ग पुलिस की रेड में 6 हिरासत में

Spread the love

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आइसक्रीम पार्लर और मिठाई दुकान की आड़ में कथित देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के इंद्रा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में एसीसीयू और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन युवतियों और तीन ग्राहकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर करीब तीन बजे टीम ने तीन वाहनों के साथ लॉज पर दबिश दी और पूरे परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि भवन के नीचे मिठाई और आइसक्रीम की दुकान संचालित थी, जबकि ऊपर बने लॉज में कथित तौर पर देह व्यापार का संचालन किया जा रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि लॉज में केवल चुनिंदा और पुराने ग्राहकों को ही प्रवेश दिया जाता था। जिन लोगों के मोबाइल नंबर पहले से संचालकों के पास दर्ज थे, उन्हें ही अंदर आने की अनुमति मिलती थी। इससे पुलिस को संगठित तरीके से रैकेट चलाए जाने की आशंका है।

कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस सभी आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह कारोबार कब से चल रहा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।

पुलिस ने बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। मामले में पीटा एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?