
NCISM का प्रवेश अनुमति नहीं देने वाला आदेश निरस्त, 25 नवंबर से शुरू होने वाली स्ट्रे वैकेंसी काउंसलिंग में शामिल होगा कॉलेज; नए सिरे से निरीक्षण की भी मिली छूट
दुर्ग। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने दुर्ग स्थित भारती आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज को बड़ी राहत देते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बीएएमएस (BAMS) की 100 सीटों पर प्रवेश की अनुमति देने से इनकार करने वाले राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा प्रणाली आयोग (NCISM) के आदेश को निरस्त कर दिया है। जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकल पीठ ने कॉलेज के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उसे 25 नवंबर से शुरू होने वाले स्ट्रे वैकेंसी राउंड की काउंसलिंग में शामिल करने का निर्देश दिया है। इस फैसले से कॉलेज में बीएएमएस की सभी 100 स्वीकृत सीटों पर प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है।
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य की अनुपस्थिति बनी थी विवाद की वजह
मामले के अनुसार, भारती आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज वर्ष 2016-17 से बीएएमएस पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है। संस्थान को पूर्व के शैक्षणिक सत्रों में 100 सीटों पर प्रवेश की अनुमति मिलती रही है। कॉलेज को सत्र 2025-26 के लिए भी विस्तारित अनुमति प्रदान की गई थी। कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि 1 दिसंबर 2025 को अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत कर पूर्व में बताई गई कमियों को दूर करने की जानकारी आयोग को दी गई थी। इसमें शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्ति और आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली से संबंधित नियमों के पालन का उल्लेख किया गया था।
इसके बाद 26 फरवरी 2026 को आयोग की दो सदस्यीय टीम अचानक निरीक्षण के लिए कॉलेज पहुंची। उस समय कॉलेज के प्राचार्य पूर्व निर्धारित सेमिनार में शामिल होने गए थे। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, निरीक्षण की सूचना दोपहर करीब 2:55 बजे ईमेल के माध्यम से मिली थी। प्रबंधन ने अगले दिन निरीक्षण कराने का अनुरोध किया, लेकिन टीम ने इसे स्वीकार नहीं किया।
कॉलेज ने दस्तावेजों के साथ दिया था जवाब
निरीक्षण के बाद आयोग ने 19 मार्च को नोटिस जारी कर कॉलेज पर असहयोग का आरोप लगाया। इसके जवाब में कॉलेज प्रबंधन ने 20 मार्च को प्राचार्य के सेमिनार में शामिल होने का प्रमाणपत्र, शपथपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बावजूद चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड ने 2 जुलाई 2026 को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएएमएस की 100 सीटों पर प्रवेश की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
कॉलेज ने इस फैसले को चुनौती देते हुए पहली अपील दायर की, जिसे 12 अगस्त को खारिज कर दिया गया। इसके बाद आयुष मंत्रालय के सचिव के समक्ष दूसरी अपील की गई, लेकिन 19 अक्टूबर को वहां से भी राहत नहीं मिली। इसके बाद कॉलेज ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
हाईकोर्ट ने प्रक्रिया और आकलन पर उठाए सवाल
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पाया कि कॉलेज को पहले ही विस्तारित अनुमति मिल चुकी थी। ऐसे में 2024 के विनियमों के नियम 54 और 55, विशेषकर नियम 55(9) के तहत निर्धारित प्रक्रिया और उसके परिणामों पर विचार किए बिना प्रवेश रोकने का निर्णय उचित नहीं था।
अदालत ने यह भी पाया कि कॉलेज में बताई गई कमियों का समुचित आकलन नहीं किया गया। प्राचार्य की अनुपस्थिति को लेकर कॉलेज द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण को खारिज करने के लिए भी पर्याप्त कारण नहीं बताए गए। अपीलीय प्राधिकारियों ने भी कॉलेज के महत्वपूर्ण तर्कों पर स्वतंत्र रूप से विचार नहीं किया।
25 नवंबर की काउंसलिंग में शामिल करने का निर्देश
हाईकोर्ट ने चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड के 2 जुलाई 2026 के आदेश के साथ पहली अपील खारिज करने संबंधी 12 अगस्त और दूसरी अपील खारिज करने संबंधी 19 अक्टूबर 2026 के आदेशों को भी निरस्त कर दिया। प्रवेश की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित होने को देखते हुए अदालत ने कॉलेज को 25 नवंबर से शुरू होने वाले स्ट्रे वैकेंसी राउंड की काउंसलिंग में शामिल करने का निर्देश दिया है।
नए निरीक्षण में सहयोग करना होगा कॉलेज को
अदालत ने आयोग को कॉलेज और उससे संबद्ध शिक्षण अस्पताल का नए सिरे से निरीक्षण करने की छूट भी दी है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान कॉलेज प्रबंधन को पूरा सहयोग करना होगा। यदि निरीक्षण में कोई कमी या नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो सक्षम प्राधिकारी को कॉलेज को उचित समय देकर अपना पक्ष रखने का अवसर देना होगा। इसके बाद ही कारण सहित आदेश पारित किया जा सकेगा।
हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि इस फैसले का अर्थ यह नहीं है कि कॉलेज को न्यूनतम आवश्यक मानकों के पालन से स्थायी छूट मिल गई है। यानी फिलहाल कॉलेज को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने की राहत मिली है, लेकिन निर्धारित शैक्षणिक एवं आधारभूत मानकों का पालन करना अनिवार्य रहेगा।
