
राजपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटा गहना में सर्पदंश की हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहरीले सांप के डसने से नानी और उनकी 8 वर्षीय नातिन की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम घोरघड़ी के फूफंदीपारा निवासी 8 वर्षीय करिश्मा अपनी नानी नंदी (56 वर्ष) के घर कोटा गहना आई हुई थी। शनिवार देर रात दोनों घर के कमरे में जमीन पर सो रहे थे। रात करीब 11 बजे जहरीले सांप ने सबसे पहले करिश्मा को डस लिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर नानी उसे बचाने और सांप को हटाने पहुंचीं, लेकिन इस दौरान सांप ने उन्हें भी कई जगह डस लिया।
परिजन तत्काल बच्ची को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय चंद्रगढ़ के पास तड़के करीब 4 बजे रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं नानी नंदी की तड़के करीब 3 बजे घर पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने ग्रामीणों से बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, जमीन पर सोने से बचने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


