आईपीएल में विराट और टीम का परंपरागत माड़िया नृत्य से स्वागत किया

Spread the love

भिलाई। प्रख्यात लोकवाद्य संग्राहक और लोककलाकार रिखी क्षत्रिय और उनके समूह ने शुक्रवार 08 मई को राजधानी रायपुर में आईपीएल क्रिकेट खेलने पहुंचे खिलाड़ियों का परंपरागत छत्तीसगढ़िया रंग के साथ स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि आईपीएल के मुकाबले 10 और 13 मई को राजधानी रायपुर में होने जा रहे हैं। जिसमें 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा। वहीं 13 मई को आरसीबी और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला होगा। देश के प्रमुख क्रिकटरों और देश-विदेश के क्रिकेट प्रेमियों की मौजूदगी को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग की ओर से अतिथियों के स्वागत की जिम्मेदारी लोक कलाकार रिखी क्षत्रिय एवं उनके समूह को दी गई थी।
शुक्रवार 08 मई को दोपहर बाद जैसे ही विराट कोहली और आरसीबी टीम के खिलाड़ी पहुंचे, रिखी क्षत्रिय और उनके समूह ने ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के नारों के बीच सभी का स्वागत बस्तर के परंपरागत गौर माड़िया नृत्य से किया। इस दौरान रिखी क्षत्रिय के समूह में जया ठाकुर, नेहा देवांगन, सीमा विश्वकर्मा, हेमा, चंचल, लीना ध्रुव, प्रमोद ठाकुर, सुनील, रंजीत ठाकुर, वेन, संजीव कुमार, भीमेश, प्रदीप और हुलसी शामिल थे।

प्रदर्शनी में क्रिकेटरों को दिखा रहे छत्तीसगढ़ी संस्कृति

लोकवाद्य संग्राहक और लोककलाकार रिखी क्षत्रिय को आईपीएल के दौरान पहुंचने वाले क्रिकेटरो को छत्तीसगढ़ी संस्कृति के विविध आयाम दिखाने का जिम्मा भी दिया गया है। रिखी क्षत्रिय ने यहां मैच के दौरान परम्परागत दुर्लभ वाद्य यंत्र, आदिवासी गहने,आदिवासी पेंटिंग,टेराकोटा, बेल मेटल, लकड़ी और मिट्‌टी की कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई है। जिसमें रिखी क्षत्रिय द्वारा विगत 5 दशक में खोजे गए दुर्लभ परंपरागत वाद्य यंत्र मुख्य आकर्षण होंगे। यह प्रदर्शनी राजधानी के एक प्रमुख आलीशान होटल में लगाई जा रही है, जिससे वहां ठहरे हुए सभी खिलाड़ी छत्तीसगढ़ी संस्कृति को समझ सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?