विश्व ओजोन दिवस पर फणिकेश्वर नाथ शासकीय महाविद्यालय में विविध प्रतियोगिताएं

Spread the love

“Global Action for a Cooler Planet” थीम पर पोस्टर, रंगोली और निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

फिंगेश्वर। फणिकेश्वर नाथ शासकीय महाविद्यालय, फिंगेश्वर में 16 सितंबर 2026 को विज्ञान एवं भूगोल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व ओजोन दिवस मनाया गया। संस्था प्रमुख डॉ. समीक्षा चंद्राकर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की इस वर्ष की थीम “Global Action for a Cooler Planet” रखी गई।

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. देवादास बंजारे ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व, उसके संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है। इसी उद्देश्य को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए पोस्टर, रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. रितेश गोलछा ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने वाली प्राकृतिक ढाल है। इसके संरक्षण के लिए पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के साथ सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अलका कौशिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ओजोन परत का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़े संस्थानों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। हमारी छोटी-छोटी पर्यावरणीय पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पृथ्वी का आधार बन सकती हैं।

भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. मोहन सिंह ने कहा कि ओजोन परत के संरक्षण के लिए जागरूकता के साथ व्यवहार में बदलाव भी जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने ओजोन परत के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, वैश्विक तापन तथा पृथ्वी को सुरक्षित रखने जैसे विषयों पर अपने विचारों और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में इन्द्रजीत जांगड़े, ज्योति साहू, डोमन जांगड़े, भूमिका, पायल, देवव्रत, हितेश, देवेंद्र सहित अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रो. कमलेश्वर प्रसाद निषाद ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण श्री तीरथराम कपूर, श्री सतप्रीत सिंह गुरुदत्ता, कु. उर्वशी चंद्राकर, कु. दविंदर कौर, डॉ. भूलेश्वरी साहू, देवश्री कुर्रे, श्रीमती ममता देवांगन, डॉ. रूबीना सहित समस्त कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संस्था प्रमुख डॉ. समीक्षा चंद्राकर ने आयोजक टीम एवं सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?