
दुर्ग। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के भूविज्ञान विभाग की सत्र 2024-25 एम.एससी भूगर्भशास्त्र की छात्रा वंदना हरिनखेड़े का चयन मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित माइनिंग इंस्पेक्टर की चयन परीक्षा में हुआ है। यह जानकारी देते हुए भूगर्भशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने बताया कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आज घोषित माइनिंग इंस्पेक्टर हेतु चयनित परीक्षार्थियों की सूची में वंदना का नाम शामिल है। वंदना को लिखित परीक्षा में 450 में से 219 तथा साक्षात्कार में 50 में से 32 अंकों के साथ कुल 500 अंकों में से 251 अंक प्राप्त हुए है।
साईंस कालेज, दुर्ग के भूगर्भशास्त्र के प्राध्यापक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि वंदना ने एम.एससी भूगर्भशास्त्र की परीक्षा भी प्रवीण्य सूची में 78 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान सहित उत्तीर्ण की थी। वंदना व्यवसायी श्री नंद किशोर हरिनखेड़े तथा गृहिणी श्रीमती निशा हरिनखेड़े की सुपुत्री है। वंदना ने अपनी सफलता का श्रेय स्वयं की मेहनत के साथ-साथ साइंस कालेज, दुर्ग के भूगर्भशास्त्र विभाग के प्राध्यापकों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन को दिया। वंदना की सफलता पर साईंस कॉलेज, दुर्ग के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन विद्यार्थी की प्रतिभागी को प्रदर्शित करता है। उल्लेखनीय है, कि गतवर्ष भी साईंस कालेज, दुर्ग के भूगर्भशास्त्र विभाग के 05 विद्यार्थी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित परीक्षा में सफल हुए थे। इन विद्यार्थियों में विकास सिंह राजपूत, कु. प्रिया सिंह, संदीप, दीपेश तथा पुकेश नाग शामिल है। इसके अलावा धर्मेश देशमुख का चयन नई दिल्ली स्थित संघ लोक सेवा आयोग द्वारा जियोलॉजिस्ट के पद पर हुआ है।


