भिलाई में पीजी में घुसकर नर्सिंग छात्रा की हत्या, धारदार हथियार से हमला; पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में शुक्रवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित एक पीजी में रह रही 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा खुशी साहू की अज्ञात युवक ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के समय उसकी रूममेट नहाने गई हुई थी। घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक महीने पहले ही पढ़ाई के लिए आई थी भिलाई

मृतका खुशी साहू बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड के ग्राम कुम्ही की निवासी थी। वह करीब एक महीने पहले ही भिलाई आई थी और शंकराचार्य नर्सिंग कॉलेज में बी-फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई का खर्च स्वयं उठाने के लिए वह वैशाली नगर स्थित एक कैफे में भी काम करती थी।

रूममेट के नहाने के दौरान हुई वारदात

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11:30 से 12 बजे के बीच खुशी अपनी सहेली के साथ कमरे में थी। इसी दौरान सहेली नहाने चली गई। इसी बीच एक युवक कमरे में घुसा और खुशी पर धारदार हथियार से कई वार कर मौके से फरार हो गया। जब सहेली वापस लौटी तो खुशी खून से लथपथ फर्श पर पड़ी मिली। उसने मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल में हुई मौत

पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल खुशी को सुपेला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

कथित परिचित युवक पर पुलिस का शक

प्रारंभिक जांच में पुलिस को एक कथित परिचित युवक की जानकारी मिली है, जिससे खुशी की बातचीत होती थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा। फिलहाल प्रेम प्रसंग सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

सहेली से भी हो रही पूछताछ

पुलिस मृतका के साथ रहने वाली सहेली से भी पूछताछ कर रही है। बताया गया कि घटना के बाद पहले परिवार को यह सूचना दी गई थी कि खुशी ने खुद को घायल कर लिया है, लेकिन बाद में सहेली ने बताया कि एक युवक कमरे में आया था और उसने चाकू से हमला किया। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

परिवार बोला- अपने दम पर पढ़ना चाहती थी खुशी

मृतका के परिजनों ने बताया कि खुशी आत्मनिर्भर बनना चाहती थी। उसने परिवार से कहा था कि वह नौकरी कर अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठाएगी। इसी उद्देश्य से उसने कॉलेज शुरू होने से पहले ही कैफे में काम करना शुरू कर दिया था।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मृतका के परिचितों, सहेली और अन्य लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर हत्या के कारण स्पष्ट होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?