
दुर्ग, 13 जुलाई 2026। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संगोष्ठी, पोस्टर, भाषण एवं ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बढ़ती जनसंख्या से जुड़ी चुनौतियों के प्रति युवाओं और समाज में जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती अलका बाघमार, विशेष अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुश्री प्रिया साहू तथा अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी ने की। इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी (मातृत्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) डॉ. अर्चना चौहान, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों ने बढ़ती जनसंख्या का शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और प्राकृतिक संसाधनों पर पड़ने वाले प्रभाव पर अपने विचार रखे। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से “जनसंख्या संतुलन, स्वस्थ परिवार–सुरक्षित भविष्य” तथा संसाधनों के संतुलित उपयोग का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती अलका बाघमार ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या की चुनौतियों का समाधान जनजागरूकता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और परिवार नियोजन को बढ़ावा देकर ही संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में जागरूकता फैलाने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विशेष अतिथि सुश्री प्रिया साहू ने अपने संबोधन में सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता पर बल देते हुए समाज में व्याप्त गंभीर सामाजिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर पोस्टर, भाषण एवं ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान श्रीमती मीना मान, श्रीमती शोभिका गजपाल, डॉ. अमरीश त्रिपाठी, तरुणा साहू, डॉ. सीमा पंजवानी सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


