
देवारभाट गांव में वारदात, दोनों मंदिरों से करीब 5,400 रुपए का सामान चोरी; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बालोद जिला मुख्यालय से लगे देवारभाट गांव में चोरों ने एक ही रात दो मंदिरों को निशाना बनाया। 11 और 12 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने हनुमान मंदिर और सुरूजडीहीवारिन मइया मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों मंदिरों से चांदी का मुकुट, दानपेटी की नकदी समेत करीब 5,400 रुपए का सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
सुबह टूटा मिला मंदिर का ताला
पुलिस के अनुसार, ग्राम निवासी मलेश कुमार कतलाम ने शाम को पूजा के बाद हनुमान मंदिर में ताला लगाया था। अगले दिन सुबह मंदिर पहुंचने पर दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। मंदिर के अंदर जाकर जांच करने पर हनुमान प्रतिमा के मस्तक पर लगा करीब 10 तोला वजन का चांदी का मुकुट गायब मिला। इसकी कीमत लगभग 3 हजार रुपए बताई गई है।
दूसरे मंदिर की दानपेटी पर भी चोरों की नजर
इसी रात चोरों ने सुरूजडीहीवारिन मइया मंदिर में भी चोरी की। मंदिर के पुजारी ढालसिंह उइके ने घटना की सूचना दी। यहां दानपेटी में रखी नकदी समेत अन्य सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है। दोनों मंदिरों को मिलाकर करीब 5,400 रुपए के सामान की चोरी बताई गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एक ही रात दो मंदिरों में चोरी की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। सूचना मिलने पर बालोद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है।
बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा के अनुसार, चोरी के मामले में जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

