
हिंदी-अंग्रेजी समेत 8 विषयों में होगी भर्ती, ई-संवर्ग में 424 और टी-संवर्ग में 430 पद
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ की ओर से 21 सितंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा व्याख्याता के रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया जा रहा है।
जारी जानकारी के मुताबिक कुल 854 पदों पर भर्ती होगी। इनमें हिंदी के 120, अंग्रेजी के 120, संस्कृत के 120, गणित के 94, राजनीति शास्त्र के 100, इतिहास के 100, भूगोल के 100 और अर्थशास्त्र के 100 पद शामिल हैं।
ई-संवर्ग में 424 और टी-संवर्ग में 430 पद
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, इन पदों में से 424 पद ई-संवर्ग की शालाओं और 430 पद टी-संवर्ग की शालाओं में भरे जाएंगे। भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य आवश्यक शर्तों की विस्तृत जानकारी विज्ञापन में दी जाएगी।
सीजी व्यापम की वेबसाइट पर जारी होगा विस्तृत विज्ञापन
भर्ती परीक्षा से संबंधित पाठ्यक्रम छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। वहीं विस्तृत भर्ती विज्ञापन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
व्याख्याता पदों की लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) द्वारा किया जाएगा। प्रेस विज्ञप्ति में परीक्षा की संभावित तिथि 29 नवंबर 2026 बताई गई है। आवेदन की अंतिम तिथि और अन्य प्रक्रिया से संबंधित जानकारी CGSSB द्वारा अलग से जारी की जाएगी।
5000 शिक्षकीय पदों की भर्ती की घोषणा के बाद प्रक्रिया तेज
स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 5000 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा के बाद अब व्याख्याता के 854 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से जुड़ी पात्रता, विषयवार पद, परीक्षा पाठ्यक्रम, आवेदन तिथि और अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद ही देखें।

