
दुर्ग-भिलाई |
दुर्ग जिले में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां लूट की नीयत से आए बदमाशों ने ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र में करहीडीह और चिखली चौक के बीच हुई। वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रकाश सिंह कश्यप रविवार रात भिलाई से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। रास्ते में एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और लूटपाट का प्रयास किया। जब प्रकाश सिंह कश्यप ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह घटनास्थल से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।
मृतक प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के उपसरपंच थे, जबकि उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
