‘हनुमान अंश’ ने 30वें दिन पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा, वर्ड ऑफ माउथ से बदली फिल्म की किस्मत
मनोरंजन डेस्क। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल करते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया है। डॉ. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 30वें दिन 100 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर लिया। फिल्म की इस सफलता ने कम बजट में मजबूत कंटेंट के दम पर बड़ी कमाई की मिसाल पेश की है।
फिल्म की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर बेहद धीमी रही थी। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपये का कारोबार किया था और शुरुआती दो सप्ताह तक इसकी कमाई लाखों में ही सीमित रही। हालांकि, दर्शकों से मिले सकारात्मक फीडबैक और वर्ड ऑफ माउथ के चलते तीसरे सप्ताह से फिल्म की कमाई में तेजी आने लगी।
शनिवार को रिलीज के 30वें दिन फिल्म ने देशभर में करीब 16.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, फिल्म का 30 दिनों का नेट इंडिया कलेक्शन 99.38 करोड़ रुपये और ग्रॉस इंडिया कलेक्शन करीब 117.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म
‘हनुमान अंश’ एक बायोग्राफिकल डिवोशनल ड्रामा है। फिल्म स्वयंभू मीडिया नेटवर्क के बैनर तले बनाई गई है और इसे डॉ. विशाल चतुर्वेदी की पुस्तक ‘डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित तीन फिल्मों की श्रृंखला का पहला भाग बताया गया है।
फिल्म में नीम करौली बाबा के शुरुआती जीवन और उनके आध्यात्मिक सफर को कहानी के केंद्र में रखा गया है। इसमें लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवा के आध्यात्मिक यात्रा के जरिए नीम करौली बाबा बनने तक के सफर को दिखाया गया है।
दर्शकों के समर्थन से बदली तस्वीर
फिल्म में शोभिनव सत्या और चंदन आनंद मुख्य भूमिकाओं में हैं। शुरुआत में धीमी कमाई के बावजूद दर्शकों की लगातार बढ़ती दिलचस्पी ने फिल्म के कारोबार को मजबूत किया। वीकेंड पर सिंगल स्क्रीन से लेकर मल्टीप्लेक्स तक दर्शकों की भीड़ देखने को मिल रही है।
निर्देशक एवं निर्माता डॉ. विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, फिल्म की सफलता यह बताती है कि मजबूत कहानी और कंटेंट होने पर बजट सफलता की राह में बाधा नहीं बनता। फिल्म की बॉक्स ऑफिस सफलता को कम बजट में बड़ी व्यावसायिक उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

