
इंटरनेशनल बॉडी बिल्डर और रेलवे कर्मचारी गिरफ्तार, घर से लाखों नकद बरामद
दुर्ग-भिलाई, 16 मई 2026। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने शनिवार को दुर्ग और रायपुर में संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे से जुड़े दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से रकम वसूलते थे। गिरफ्तार आरोपियों में अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग रेफरी और रेलवे कर्मचारी बी. राजशेखर राव तथा रेलवे कर्मचारी एवं वेटलिफ्टर राजलक्ष्मी शामिल हैं।
सीबीआई की टीम ने बी. राजशेखर राव को दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया, जबकि राजलक्ष्मी को रायपुर स्थित डीआरएम कार्यालय से हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों के ठिकानों पर कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया।
जांच एजेंसी को तलाशी के दौरान लाखों रुपए नकद, महत्वपूर्ण दस्तावेज और कुछ संदिग्ध कागजात मिले हैं। हालांकि अधिकारियों ने अभी बरामद रकम और दस्तावेजों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि वे रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से मोटी रकम लेते थे। शिकायतों के आधार पर सीबीआई ने प्रारंभिक जांच शुरू की थी। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद टीम ने एक साथ दुर्ग और रायपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया।
सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि मामले में पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने लोग ठगी का शिकार हुए हैं तथा कुल कितनी रकम का लेनदेन किया गया।
इधर, रायपुर डीआरएम कार्यालय ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जानकारी सीबीआई की आधिकारिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही सामने आ सकेगी। फिलहाल दोनों आरोपी सीबीआई की गिरफ्त में हैं और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
