भिलाई, दुर्ग। Bhilai के सेक्टर-6 स्थित पुलिस पेट्रोल पंप पर गुरुवार देर रात जमकर हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया। शराब के नशे में धुत चार युवकों ने पहले एक कार सवार युवक से सड़क किनारे मारपीट की और बाद में पेट्रोल पंप पहुंचकर विवाद खड़ा कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी हाथ में लाठी लेकर दौड़ता दिखाई दे रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीएसपी कर्मचारी बी. एस. श्रीनिवास राव ने Bhilai Nagar Police Station में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म हो चुका था, जिसके चलते वे सेक्टर-6 स्थित पुलिस पेट्रोल पंप पर ईंधन भराने जा रहे थे।
रात करीब 11:35 बजे परिवार चौक के पास उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर मोबाइल पर बातचीत शुरू की। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। मना करने पर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। शिकायतकर्ता के अनुसार, एक युवक ने उनके गाल पर थप्पड़ भी मारा।
पेट्रोल पंप पर फिर बढ़ा विवाद
घटना के बाद पीड़ित युवक सेक्टर-6 पुलिस पेट्रोल पंप पहुंचा, जहां काफी भीड़ लगी हुई थी। वहां उसने देखा कि वही चारों युवक पहले से मौजूद हैं। इसके बाद उसने पेट्रोल पंप कर्मचारियों को पूरी घटना की जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने युवकों को पकड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पेट्रोल पंप स्टाफ और आरोपियों के बीच झूमाझटकी शुरू हो गई। मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि दो को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रितिक चौहान और अभिषेक वाशनिक बताए।
पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार दो अन्य युवकों की तलाश जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को उसी सेक्टर-6 पुलिस पेट्रोल पंप पर ले जाकर उनका जुलूस भी निकाला, जहां उन्होंने कथित रूप से हंगामा और मारपीट की थी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

