
विश्वकर्मा जयंती का कार्यक्रम देखने आए थे दो युवक, काई के कारण हुआ हादसा
दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र में खारुन नदी पर ओदरागहन एनीकट पार करते समय बाइक फिसलने से दो युवक नदी में गिर गए। हादसे में एक युवक बाइक पकड़कर किसी तरह बाहर निकल आया, जबकि दूसरा तेज बहाव में बह गया। शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने सघन रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक का शव बरामद कर लिया।
घटना 17 सितंबर की शाम करीब 6 बजे रानीतराई थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार यादव (38), पिता फिरंका यादव, निवासी ग्राम तर्रा गोंदी, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
एनीकट पर बह रहा था करीब एक फीट पानी
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक धमतरी जिले के तर्रा गोंदी गांव से विश्वकर्मा जयंती का कार्यक्रम देखने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे बाइक से ओदरागहन एनीकट के रास्ते खारुन नदी पार कर रहे थे। एनीकट के ऊपर करीब एक फीट पानी बह रहा था।
एनीकट की सतह पर काई जमी होने के कारण बाइक अचानक फिसल गई। संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक नदी में जा गिरे। एक युवक ने बाइक को पकड़कर खुद को संभाल लिया और नदी से बाहर निकल आया, जबकि सुरेंद्र कुमार यादव तेज बहाव में बह गए।
रात में नहीं हो सका रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलने के बाद रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में बहे युवक की तलाश शुरू की। एसडीआरएफ को देर रात घटना की सूचना मिली, लेकिन रात में रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं हो सका।
18 सितंबर की सुबह एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की।
डीप डाइविंग कर एसडीआरएफ ने निकाला शव
दुर्ग एसडीआरएफ के एक्सपर्ट डीप डाइवर राजकुमार यादव और ओंकार ने नदी में डीप डाइविंग कर सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने सुरेंद्र कुमार यादव का शव पानी से बरामद कर लिया।
शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

