### रायपुर में सोशल मीडिया पर ‘डॉन’ बनने की होड़, युवतियां भी हथियारों के साथ बना रहीं रील; वायरल वीडियो पर पुलिस सतर्क

Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर ‘डॉन’ और ‘बड़ा बदमाश’ बनने की होड़ लगातार बढ़ती जा रही है। अब इस ट्रेंड में युवतियां भी शामिल हो गई हैं। इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर युवक-युवतियां हथियारों के साथ रील बनाते, गाली-गलौज करते और धमकी भरे वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। ऐसे वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस भी सतर्क हो गई है।

डीडी नगर का वीडियो हुआ वायरल

डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में एक युवक खुद को अपराधी की तरह पेश करते हुए हत्या और जेल जाने जैसी बातें करता दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेने की बात कही है।

युवतियां भी बना रहीं धमकी भरे वीडियो

एक अन्य वायरल वीडियो में एक युवक और युवती लोगों को धमकाते हुए तथा अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों नियमित रूप से इस तरह की रील इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हैं, जिससे सोशल मीडिया पर गलत संदेश फैल रहा है।

मोहर्रम जुलूस में चाकुओं के साथ ‘शेर डांस’

आजाद चौक थाना क्षेत्र से भी एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें मोहर्रम जुलूस के दौरान एक युवक दोनों हाथों में चाकू और एक चाकू मुंह में दबाकर ‘शेर डांस’ करता दिखाई दे रहा है। सार्वजनिक स्थान पर हथियारों के इस तरह प्रदर्शन से लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।

लोगों में नाराजगी, पुलिस ने दी कार्रवाई की चेतावनी

वायरल वीडियो को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर अपराध और हिंसा का महिमामंडन करने वाली रीलों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों की निगरानी की जा रही है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?