
होटल के कमरे में मिली युवक की लाश, स्कार्फ का फंदा पंखे से लटका मिला; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित एक होटल के कमरे में 19 वर्षीय म्यूजिक आर्टिस्ट शादाब की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक मंगलवार शाम अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल पहुंचा था, लेकिन बुधवार सुबह उसका शव कमरे के बेड पर मिला। कमरे में पंखे से स्कार्फ का फंदा भी लटका मिला। घटना सुपेला थाना क्षेत्र की है। पुलिस शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जता रही है, जबकि परिजन इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
दोस्त पहुंचे तो नहीं खुला दरवाजा, सुबह मिली लाश
जानकारी के अनुसार, शादाब मंगलवार शाम अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल में रुका था। देर रात उसके दोस्तों को सूचना मिली कि शादाब बेहोश है। दोस्त होटल पहुंचे, लेकिन कमरे का दरवाजा नहीं खुला। काफी देर इंतजार करने के बाद सभी लौट गए। बुधवार सुबह दोबारा पहुंचने पर दरवाजा खुला तो शादाब का शव बेड पर पड़ा मिला। कमरे में स्कार्फ का फंदा पंखे से बंधा हुआ था।
रातभर कमरे में रही युवती, CCTV फुटेज की जांच
मृतक के भाई अल्ताफ शेख ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे दोस्त होटल पहुंचे थे, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। सुबह करीब 6 बजे युवती अकेले कमरे से बाहर निकली और कुछ देर बाद फिर कमरे में लौट गई। परिजनों का दावा है कि यह पूरी घटना होटल के CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। उनका कहना है कि युवती रातभर शव के साथ कमरे में मौजूद रही।

परिवार का आरोप- शादाब की हत्या हुई है
परिजनों ने युवती पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के भाई का कहना है कि शादाब के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उनका आरोप है कि युवती ने पहले बेल्ट से मारपीट की, फिर खुद को ब्लेड से घायल कर शादाब को धमकाया। परिवार का कहना है कि जिस हालत में शव मिला, उससे आत्महत्या की बात पर विश्वास करना मुश्किल है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुरानी गर्लफ्रेंड के फोन के बाद हुआ था विवाद
दोस्तों के मुताबिक, शादाब का अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो चुका था और उसने उसे मोबाइल व सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद वह दूसरी युवती के साथ रिश्ते में था। बताया जा रहा है कि होटल में रहने के दौरान उसकी पुरानी गर्लफ्रेंड का फोन आया था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद क्या हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
6 महीने से रिलेशनशिप में था शादाब
जवाहर नगर अटल आवास निवासी शादाब पेशे से म्यूजिक आर्टिस्ट था और पियानो बजाता था। परिवार के अनुसार वह पिछले करीब छह महीने से भिलाई की युवती के साथ रिश्ते में था। उनका कहना है कि शादाब खुशमिजाज स्वभाव का था और आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता।
पुलिस बोली- हर एंगल से हो रही जांच
सुपेला थाना प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, CCTV फुटेज और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

