इग्नू के जुलाई 2026 सत्र के लिए प्रवेश शुरू, 15 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

Spread the love

साइंस कॉलेज दुर्ग स्थित अध्ययन केंद्र में प्रवेश प्रक्रिया जारी, टर्म एंड परीक्षा 21 जुलाई तक; प्रायोगिक परीक्षाएं जुलाई-अगस्त में होंगा

दुर्ग। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के जुलाई 2026 सत्र के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। वर्तमान में आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई है। हालांकि, इस तिथि को बढ़ाकर 30 जुलाई तक किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
इग्नू अध्ययन केंद्र क्रमांक 1503, साइंस कॉलेज दुर्ग के मुख्य समन्वयक डॉ. अभिनेष सुराना ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित शुल्क जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 सत्र में छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक प्रवेश साइंस कॉलेज दुर्ग स्थित अध्ययन केंद्र में हुए थे। इनमें ग्रामीण विकास में स्नातकोत्तर (एमआरडी), पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा, एमबीए सहित अन्य पाठ्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया।
अध्ययन केंद्र के सहायक समन्वयक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं डॉ. जी.एस. ठाकुर ने बताया कि इग्नू की जून 2026 टर्म एंड परीक्षाएं 1 जून से प्रारंभ होकर 21 जुलाई तक संचालित होंगी। वहीं, प्रायोगिक विषयों की परीक्षाएं जुलाई एवं अगस्त माह में साइंस कॉलेज दुर्ग में आयोजित की जाएंगी।
अध्ययन केंद्र में बीए, बीकॉम, बीएससी, एमए, एमकॉम, एमएसडब्ल्यू, बीसीए, एमसीए, एमए भगवत गीता, एमए ज्योतिष सहित विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा एमए अर्थशास्त्र, हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, संस्कृत, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, एमएससी जियो इन्फॉर्मेटिक्स, पीजीसीजीआई तथा पीजीडीजीआई जैसे विशेष पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश लिया जा सकता है।
इग्नू अध्ययन केंद्र ने प्रायोगिक विषयों के विद्यार्थियों से परीक्षा तिथि एवं प्रयोगात्मक कक्षाओं की जानकारी के लिए कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच अध्ययन केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?