दुर्ग में ‘फेक मैरिज पार्टी’ को लेकर बवाल, ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस पहुंची, मैनेजर पर कार्रवाई

Spread the love

दुर्ग। जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र स्थित कोसी एयरो क्लब रिसोर्ट में प्रस्तावित ‘फेक मैरिज पार्टी’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया। 30 मई को आयोजित होने वाले इस इवेंट की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए रिसोर्ट पहुंचकर प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। बढ़ते तनाव के बीच पुलिस ने रिसोर्ट प्रबंधन के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, धमधा रोड स्थित कोसी रिसोर्ट में शनिवार रात ‘फेक मैरिज पार्टी’ आयोजित की जानी थी। आयोजन में केवल कपल एंट्री रखी गई थी, जिसके लिए 499 रुपए शुल्क तय किया गया था। पार्टी में शामिल होने वाले जोड़ों के लिए दूल्हा-दुल्हन की ड्रेस थीम भी निर्धारित की गई थी। साथ ही डीजे नाइट और अन्य मनोरंजन कार्यक्रमों की तैयारी भी की गई थी।

इधर, आयोजन की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि विवाह हिंदू समाज का पवित्र संस्कार है और इसे मनोरंजन या थीम पार्टी के रूप में प्रस्तुत करना गलत है। विरोध कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि इस तरह के आयोजन से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और समाज में गलत संदेश जाएगा।

मामले को लेकर भिलाई नगर हिंदू युवा मंच ने भी जेवरा सिरसा चौकी का घेराव कर सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व रिसोर्ट प्रबंधन के बीच समझाइश देकर माहौल शांत कराया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए कार्रवाई की गई।

जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने कोसी रिसोर्ट के मैनेजर ब्रह्म दत्त पांडे के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया।

विवाद बढ़ने के बाद रिसोर्ट प्रबंधन ने भी आयोजन को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा कर दी है। प्रबंधन ने इसके पीछे तेज गर्मी और मौसम की परिस्थितियों का हवाला दिया है।

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि यदि किसी आयोजन से सामाजिक या धार्मिक विवाद की स्थिति बनने की आशंका होती है, तो प्रशासन कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई करेगा। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?