औषधीय एवं वनस्पतिक पौधों के महत्व पर अतिथि व्याख्यान आयोजित

Spread the love

डोंगरगढ़। शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ में प्राचार्य डॉ प्रदीप कुमार जाम्बुलकर के निर्देशन में रसायन शास्त्र विभाग द्वारा 3 नवम्बर को अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. राकेश्वर वर्मा, सहायक प्राध्यापक, शासकीय डी.वी.जे. महाविद्यालय, राजनांदगांव उपस्थित रहे।
व्याख्यान के दौरान डॉ. वर्मा ने अपने शोध कार्यों के अनुभव साझा करते हुए छत्तीसगढ़ में पाए जाने वाले विभिन्न औषधीय एवं वनस्पतिक पौधों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ जैव विविधता की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। यहां अनेक ऐसे वनस्पतिक पौधे उपलब्ध हैं, जिनमें औषधीय गुण पाए जाते हैं तथा जिनका उपयोग प्राचीन काल से विभिन्न रोगों के उपचार एवं स्वास्थ्य संरक्षण के लिए किया जाता रहा है।
उन्होंने औषधीय पौधों में पाए जाने वाले रासायनिक घटकों, उनके पारंपरिक उपयोग एवं मानव स्वास्थ्य में उनकी उपयोगिता पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को स्थानीय वनस्पतिक संपदा के वैज्ञानिक अध्ययन, औषधीय पौधों के संरक्षण तथा उनके औषधीय गुणों पर शोध एवं अनुसंधान के लिए प्रेरित किया।
व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएं एवं प्रश्न प्रस्तुत किए, जिनका डॉ. वर्मा ने सरल एवं विस्तृत ढंग से समाधान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को रसायन विज्ञान के व्यावहारिक उपयोग तथा स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष श्रीमती सोनाली लोया खानखोजे, सहायक प्राध्यापक ओमप्रकाश वर्मा, अविनाश सिंह, डॉ. गोकुल प्रसाद साहू, श्रीमती मोनिका साहू एवं गौरव तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एम.एससी. रसायन शास्त्र के विद्यार्थी ज्ञानेंद्र द्विवेदी द्वारा किया गया। उक्त अतिथि व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?