
अग्रणी महाविद्यालय वी.वाई.टी. पीजी कॉलेज, दुर्ग में आयोजित बैठक में विभिन्न महाविद्यालयों को सौंपी गई खेलों की जिम्मेदारी

दुर्ग, 6 अगस्त। छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिताओं के सफल संचालन एवं खेलों के आबंटन हेतु गुरुवार को शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (अग्रणी महाविद्यालय), दुर्ग में बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्ग सेक्टर के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के क्रीड़ा अधिकारी एवं क्रीड़ा प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि अंतर महाविद्यालयीन खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसके पश्चात महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी श्री लक्ष्मेंद्र कुलदीप ने विभिन्न खेलों के आयोजन का आबंटन किया।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर महाविद्यालय, दुर्ग को फुटबॉल (पुरुष), शासकीय खूबचंद बघेल पीजी महाविद्यालय को टेबल टेनिस (महिला), शासकीय कन्या महाविद्यालय, दुर्ग को बास्केटबॉल (महिला), शासकीय महिला महाविद्यालय को वॉलीबॉल (महिला), शासकीय दानवीर तुलाराम महाविद्यालय को खो-खो (पुरुष), शासकीय पीजी महाविद्यालय, बालोद को हैंडबॉल (महिला), मनसा शिक्षा महाविद्यालय को एथलेटिक्स (महिला एवं पुरुष) तथा हैंडबॉल (पुरुष), कल्याण महाविद्यालय को खो-खो (महिला), कृष्णा महाविद्यालय, खमरिया-जुनवानी को कबड्डी (महिला), शासकीय के.आर.डी. महाविद्यालय, नवागढ़ को कबड्डी (पुरुष), श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी को बैडमिंटन (पुरुष), टेबल टेनिस (पुरुष) एवं योग (महिला एवं पुरुष), अपोलो महाविद्यालय, अंजोरा को संबंधित प्रतियोगिताओं के आयोजन में सहभागिता तथा सेठ बद्रीनाथ खंडेलवाल शिक्षा महाविद्यालय को बैडमिंटन (महिला), सुराना महाविद्यालय, दुर्ग को वॉलीबॉल (पुरुष) एवं श्री स्वामी स्वरूपानंद महाविद्यालय, हुडको को क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता के आयोजन का दायित्व सौंपा गया।
बैठक में प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. अभिनेष सुराना, वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नरेश धर दीवान सहित दुर्ग सेक्टर के सभी महाविद्यालयों के क्रीड़ा अधिकारी एवं क्रीड़ा प्रभारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अग्रणी महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी श्री लक्ष्मेंद्र कुलदीप ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक के सफल आयोजन पर प्रसन्नता जताई तथा आगामी प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा की।

