रायगढ़ के रॉक गार्डन में युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, बॉयफ्रेंड से मारपीट कर की लूटपाट

Spread the love

खरसिया के बोतल्दा स्थित पिकनिक स्पॉट पर वारदात से मचा हड़कंप, पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिकनिक स्पॉट पर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसके साथी के साथ मारपीट व लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बोतल्दा स्थित प्रसिद्ध रॉक गार्डन की बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, युवती अपने बॉयफ्रेंड के साथ रॉक गार्डन घूमने गई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने दोनों को सुनसान स्थान पर घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और उसका सामान व नकदी लूट ली। इसके बाद युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद पीड़िता और उसका साथी किसी तरह खरसिया थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की है। पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। वहीं, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।

दो संदिग्ध हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और घटना के पीछे अन्य कौन-कौन लोग हैं। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

पर्यटन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन और आसपास के पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिकनिक स्पॉट पर नियमित पुलिस गश्त, सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक खुलासे के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?