
डोंगरगढ़। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ के राजनीति विज्ञान विभाग में 28 सितंबर को विभागीय परिषद गठन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जांबुलकर के निर्देशन तथा राजनीति विज्ञान विभाग की प्राध्यापिकाओं सुश्री अनिमा मिंज एवं सुश्री सृष्टि श्यामकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जांबुलकर का स्वागत प्राध्यापिका सुश्री सृष्टि श्यामकर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जांबुलकर ने राजनीति विज्ञान विभागीय परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज पहनाकर उनके पद एवं दायित्व के लिए सम्मानित किया। इसके बाद पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए और परिषद के माध्यम से विभागीय गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा महाविद्यालय के विकास में योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जांबुलकर ने कहा कि परिषद का गठन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत बनाए रखने तथा अपने दायित्वों और कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन राजनीति विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका सुश्री अनिमा मिंज ने किया। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


