
साइंस कॉलेज, दुर्ग में अंतरिक्ष विज्ञान पर विविध कार्यक्रम आयोजित
दुर्ग। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के भौतिकी विज्ञान विभाग में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ए. के. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत आज अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में विश्व में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। चंद्रयान से लेकर गगनयान तक की वैज्ञानिक यात्रा भारतीय वैज्ञानिकों के कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
भौतिकी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. जगजीत कौर सलूजा ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी एवं ISRO से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विद्यार्थियों के साथ साझा कीं। उन्होंने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम, अंतरिक्ष अनुसंधान तथा इस क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही विद्यार्थियों को स्पेस रिसर्च और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सोसायटी इंचार्ज डॉ. अनीता शुक्ला ने प्रेरणादायक उद्बोधन देते हुए विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में एमएससी भौतिकी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा तमन्ना सोनी ने भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं भारत की अंतरिक्ष यात्रा विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। इसके बाद एमएससी भौतिकी प्रथम सेमेस्टर के छात्र विक्की राय ने “Mission Chandrayaan: India’s Journey to the Moon” विषय पर आकर्षक PPT प्रस्तुति दी। प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को चंद्रयान मिशन और चंद्रमा की ओर भारत की वैज्ञानिक यात्रा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से एमएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा सोनम यादव एवं छात्र साहिल कुमार के मार्गदर्शन में बीएससी तथा एमएससी प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन एमएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा धानवी एवं एमएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा कल्पना ने सफलतापूर्वक किया। अंत में एमएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा रीति गायकवाड़ ने सभी प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. जगजीत कौर सलूजा सहित विभाग के प्राध्यापक डॉ. अनीता शुक्ला, डॉ. सीतेश्वरी चंद्राकर, डॉ. अभिषेक मिश्रा एवं डॉ. बृजलता शर्मा तथा एमएससी भौतिकी प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर और बीएससी के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति रुचि और राष्ट्र निर्माण की भावना के संकल्प के साथ हुआ।


