फिंगेश्वर में विकासखंड स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता आयोजित, इंद्रजीत जांगड़े की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान

Spread the love

‘सेवा के संग, राष्ट्र के संग’ थीम पर विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से दिया विकसित भारत का संदेश, 32 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

गरियाबंद। फणिकेश्वर नाथ शासकीय महाविद्यालय फिंगेश्वर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘सेवा के संग, राष्ट्र के संग’ थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारत की जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों, राष्ट्र भावना और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता में इंद्रजीत जांगड़े एवं उनकी टीम ने प्रथम तथा गायत्री सिन्हा एवं उनकी टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. समीक्षा चंद्राकर के संरक्षण एवं विकासखंड नोडल अधिकारी डॉ. देवादास बंजारे के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के महाविद्यालयों, आईटीआई एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया था। इसमें संस्था स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने भाग लिया। शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजिम से देवनंदिनी साहू एवं उनकी टीम ने भी सहभागिता की।

रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश

प्रतियोगिता में गायत्री सिन्हा एवं उनकी टीम ने रंगोली के माध्यम से भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया। वहीं, भूगोल विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थी इंद्रजीत जांगड़े एवं उनकी टीम ने छत्तीसगढ़ के भौतिक संसाधनों, खनिज संपदा और फसलों को रंगोली में उकेरते हुए विकसित भारत के निर्माण में राज्य के योगदान को दर्शाया। राजिम महाविद्यालय की प्रतिभागी देवनंदिनी साहू ने अपनी रंगोली के माध्यम से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया।

शासन के निर्देशानुसार प्रतियोगिता का विषय भारत की जनकल्याणकारी योजनाएं, राष्ट्रीय प्रतीक, विकसित भारत का सपना, राष्ट्र भावना एवं जन-जागरूकता निर्धारित किया गया था। प्रतियोगिता के लिए 17×17 फीट का आकार तय किया गया था। आयोजन सुबह 11 बजे प्रारंभ होकर दोपहर 1 बजे संपन्न हुआ।

2047 तक विकसित भारत बनाने का दिलाया संकल्प

प्रतियोगिता के अवलोकन के लिए भाजपा जिला कार्यालय से नामांकित वरिष्ठ भाजपा नेता रामूराम साहू, फिंगेश्वर भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजूलता हरित, मकसूदन साहू, भुनेश्वर साहू एवं अशोक साहू उपस्थित रहे। रामूराम साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, डिजिटल इंडिया, ऑपरेशन गंगा तथा कोविड महामारी के दौरान भारत की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. समीक्षा चंद्राकर ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘इनोवेशन चैलेंज’, ‘नमो सेवा गाथा’ एवं ‘रंगोली राष्ट्र’ जैसी गतिविधियों के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में विद्यार्थियों की सामूहिक जिम्मेदारी और सक्रिय सहभागिता के महत्व पर जोर दिया।

निर्णायकों ने कलात्मकता और रचनात्मकता के आधार पर किया मूल्यांकन

रंगोली प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में रामूराम साहू, मकसूदन साहू, भुनेश्वर साहू, मंजूलता हरित एवं अशोक साहू ने भूमिका निभाई। निर्णायकों ने थीम, रंगों के संयोजन, स्पष्टता, कलात्मकता, अभिव्यक्ति एवं रचनात्मकता के आधार पर प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। इसमें इंद्रजीत जांगड़े एवं उनकी टीम को प्रथम तथा गायत्री सिन्हा एवं उनकी टीम को द्वितीय स्थान के लिए चयनित किया गया।

प्रतियोगिता में तीन रंगोली तैयार की गईं, जिनमें कुल 32 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन से महाविद्यालय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के 357 विद्यार्थी लाभान्वित हुए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी एवं अन्य पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए, जिनका अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने आनंद लिया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में महाविद्यालय के सेवा संकल्प नोडल प्रो. कमलेश्वर प्रसाद निषाद, रितेश गोलछा, तीरथ राम कपूर एवं डॉ. अलका कौशिक का विशेष योगदान रहा। अंत में प्रभारी प्राचार्य डॉ. देवादास बंजारे ने महाविद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों, स्टाफ सदस्यों, प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?