
विद्यार्थियों ने दीवार पर लिखे सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े संकल्प
धनोरा, दुर्ग। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, धनोरा, दुर्ग में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में NSS स्वयंसेवकों द्वारा ‘NSS Wall of Kindness’ (नेकी एवं संवेदनशीलता की दीवार) का निर्माण किया गया।
इस रचनात्मक गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, सामाजिक संवेदनशीलता और सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूकता की भावना विकसित करना रहा। ‘NSS Wall of Kindness’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह अभिव्यक्त किया कि वे भविष्य में समाज के लिए क्या करना चाहते हैं और सामाजिक समस्याओं के समाधान तथा उनके प्रति जागरूकता फैलाने में किस प्रकार अपना योगदान दे सकते हैं।
विद्यार्थियों ने अपने विचारों, संकल्पों और संदेशों को दीवार पर प्रदर्शित करते हुए सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। महाविद्यालय परिसर में प्रदर्शित इस दीवार का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना और उन्हें सकारात्मक कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
इस गतिविधि में NSS स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। करण ठाकुर, भावेश, हर्षित, जाह्नवी, रश्मि, गरिमा, लुकिता, चिरंजीव, चित्रकांत, महक, प्रियांशी, आफरीन, समृद्धि, रोशन वर्मा, रितेश, रुद्रप्रताप, साहिल, भार्गव, अंश राजपूत, चंदन, चिराग एवं यांशु सहित अन्य स्वयंसेवकों ने ‘NSS Wall of Kindness’ के निर्माण एवं प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य श्री विकास पंचाकक्षरी के साथ डॉ. हेमा कुलकर्णी, डॉ. स्वाति तिवारी, श्रीमती कल्पना शुक्ला पाण्डेय, श्री विश्वनाथ ताम्रकार, श्रीमती श्वेता साव, श्रीमती छाया साहू, डॉ. संदीप कुमार, श्रीमती रितिका अवस्थी, सुश्री अतिथि सिंह एवं श्री प्रभाकर राव सहित महाविद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सामाजिक जागरूकता एवं सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। महाविद्यालय परिवार ने NSS स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।

