
छोटे भाई आशीर्वाद भी बने सूर्यवंशी परिवार के नए सितारे
10 साल के आशीर्वाद सूर्यवंशी ने ठोका 168 रन का विस्फोटक शतक, 19 चौके और 6 छक्कों से मचाई धूम
समस्तीपुर। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। महज 10 वर्ष की उम्र में आशीर्वाद ने समस्तीपुर में आयोजित एक स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट में 119 गेंदों पर 168 रनों की तूफानी पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस पारी में 19 चौके और 6 छक्के शामिल रहे।
आशीर्वाद की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत ऋषभ-11 टीम ने वैशाली-11 को हराकर शानदार जीत दर्ज की। युवा बल्लेबाज ने अपनी इस उपलब्धि की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा की।
इसी महीने जड़ा था पहला शतक
आशीर्वाद सूर्यवंशी इससे पहले भी जून माह में समस्तीपुर के एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में ताजपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से खेलते हुए 87 गेंदों में 103 रन बनाकर अपना पहला शतक लगाया था। लगातार दो शतकीय पारियों ने उन्हें बिहार के उभरते युवा क्रिकेटरों की सूची में शामिल कर दिया है।
पिता का सपना, दोनों बेटे बनें बड़े क्रिकेटर
आशीर्वाद के पिता संजीव सूर्यवंशी पहले ही कह चुके हैं कि वे अपने छोटे बेटे को भी बड़े भाई वैभव की तरह एक सफल क्रिकेटर बनाना चाहते हैं। आशीर्वाद वर्तमान में बिहार में नियमित क्रिकेट प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके पहले शतक के बाद भी पिता ने सोशल मीडिया पर खुशी जताते हुए बेटे के उज्ज्वल भविष्य की कामना की थी।
तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं आशीर्वाद
सूर्यवंशी परिवार में तीन भाई हैं। सबसे बड़े उज्ज्वल सूर्यवंशी, बीच में वैभव सूर्यवंशी और सबसे छोटे आशीर्वाद सूर्यवंशी हैं। परिवार ने तीनों बेटों के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बड़े भाई वैभव की राह पर आशीर्वाद
आशीर्वाद दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। हालांकि दोनों की बल्लेबाजी शैली आक्रामक है। आशीर्वाद भी बड़े भाई की तरह तेज रन बनाने, दमदार शॉट खेलने और पावर हिटिंग के लिए पहचाने जा रहे हैं।
टीम इंडिया में सबसे कम उम्र में चयनित हुए वैभव
आशीर्वाद के बड़े भाई वैभव सूर्यवंशी इस समय भारतीय क्रिकेट का चर्चित चेहरा हैं। 15 वर्ष 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया में चयनित होकर उन्होंने सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। हाल ही में उनका चयन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 श्रृंखला तथा एशियन गेम्स के लिए भी किया गया है।
रिकॉर्डों की झड़ी लगा रहे हैं वैभव
वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में इंडिया-ए की ओर से खेलते हुए मात्र 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर 50 ओवर क्रिकेट की सबसे तेज फिफ्टी का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। वहीं आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की और कई व्यक्तिगत पुरस्कार भी जीते।
परिवार से उभर रहे क्रिकेट के नए सितारे
वैभव सूर्यवंशी के बाद अब आशीर्वाद सूर्यवंशी भी अपनी शानदार पारियों से चर्चा में हैं। लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस युवा बल्लेबाज पर भी टिक गई हैं। यदि उनका यह प्रदर्शन जारी रहता है तो आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट को सूर्यवंशी परिवार से एक और बड़ा सितारा मिल सकता है।


