
जन्मदिन की पार्टी में विवाद के बाद हुई घटना, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर जामुल थाने का किया घेराव
भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद 21 वर्षीय अंकित सिंह की मौत हो गई। घटना 25 सितंबर की रात कुरुद वार्ड की बताई जा रही है। परिजनों और करणी सेना ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद अंकित को बोलेरो पिकअप से कुचल दिया गया। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और हत्या की धारा भी जोड़ी गई है।
अंकित सिंह कैलाश नगर का रहने वाला था। 25 सितंबर को उसका जन्मदिन था। वह दोस्तों के साथ सुंदर विहार फेस-2 स्थित दुर्गा पंडाल गार्डन में जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान कुछ परिचित युवक वहां पहुंचे। इनमें गोपी सरदार भी शामिल था।
बताया गया कि गोपी ने दोबारा केक काटने की बात कहते हुए अंकित को कुछ दूर चलने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। दोस्तों ने बीच-बचाव कर अंकित को वहां से हटा दिया।
पिकअप से टक्कर मारने के बाद दोबारा कुचलने का आरोप
परिजनों और दोस्तों का आरोप है कि विवाद के बाद गोपी सरदार बोलेरो पिकअप लेकर अंकित के पीछे पहुंचा और उसे टक्कर मार दी। आरोप है कि पिकअप को वापस मोड़कर अंकित को दोबारा कुचलने की कोशिश की गई।
गंभीर रूप से घायल अंकित को उसके दोस्त चंदूलाल चंद्राकर स्मृति अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
करणी सेना ने किया जामुल थाने का घेराव
अंकित की मौत के बाद 27 सितंबर को करणी सेना के पदाधिकारी और परिजन जामुल थाने पहुंचे। संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि अंकित को जन्मदिन की बधाई देने के बहाने बुलाया गया था और बाद में पिकअप से कुचलकर उसकी हत्या की गई।
परिजनों और संगठन ने मामले में हत्या की धारा के तहत कार्रवाई तथा निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर शुरुआत में 184-MOT, 105-BNS और 110-BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (23), गुरप्रीत सिंह उर्फ गगन (24), मिलिंद साहू (21) और शुभम शर्मा (21) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में हत्या की धारा भी जोड़ी गई है।
घटना के हर पहलू की जांच कर रही पुलिस
एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि जामुल थाना क्षेत्र में कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान एक युवक पिकअप चला रहा था, जिससे अंकित की दबकर मौत हुई। पुलिस घटना की परिस्थितियों और पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। विवेचना के दौरान जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

