
स्पेशल वार्ड में मोबाइल चलाते और गुटखा खाते नजर आया आरोपी, बगल के बेड पर आराम करते दिखे दो आरक्षक; सीएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन
छत्तीसगढ़ के कोरबा में दुष्कर्म के एक आरोपी का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मोबाइल चलाते और गुटखा खाते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो में आरोपी पवन महतो अस्पताल के स्पेशल वार्ड में आराम करता दिखाई दे रहा है। वहीं, उसकी निगरानी के लिए तैनात दो पुलिस आरक्षक भी पास के बेड पर आराम करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था और आरक्षकों की ड्यूटी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मीडियाकर्मियों द्वारा बनाए गए वीडियो में आरोपी मोबाइल का इस्तेमाल करता दिखाई देता है। कैमरा देखते ही उसने मोबाइल एक तरफ कर लिया। वहीं, एक पुलिसकर्मी मोबाइल पर सोशल मीडिया चैट करता नजर आया। आरोपी ने गुटखा खाने की बात से इनकार करते हुए कहा कि उसे हृदय संबंधी परेशानी है और वह गुटखा नहीं, बल्कि सॉफ्ट सुपारी खा रहा है।
शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
मामला कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। एक 32 वर्षीय महिला ने पवन महतो के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने की शिकायत दर्ज कराई है।
महिला के अनुसार, वह खरमोरा क्षेत्र की रहने वाली है। उसके पति की मृत्यु हो चुकी है और वह अपनी बेटी के साथ माता-पिता के घर रहती है। महिला प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है।
शिकायत के मुताबिक, 14 अप्रैल 2022 को सतरेंगा में पिकनिक के दौरान जमीन के सिलसिले में उसकी मुलाकात पवन महतो से हुई थी। पवन कोरबा के एक पावर प्लांट में काम करता है। उसकी अभिनंदन कॉम्प्लेक्स के पास चार डिसमिल जमीन थी, जिसे बिकवाने के सिलसिले में दोनों के बीच परिचय बढ़ा।
शादी का भरोसा देकर शोषण करने का आरोप
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि जान-पहचान बढ़ने के बाद पवन ने उससे प्रेम और शादी करने की इच्छा जताई। आरोप है कि 19 अप्रैल 2023 को वह महिला को रामपुर हाउसिंग बोर्ड स्थित अपने किराए के फ्लैट में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का कहना है कि इसके बाद भी आरोपी शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब भी महिला शादी की बात करती, वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे विवाह करने की बात कहता था।
शिकायत के अनुसार, महिला ने कई बार शादी के लिए दबाव बनाया, लेकिन आरोपी लगातार बात टालता रहा। लंबे समय तक शादी का आश्वासन मिलने के बावजूद वादा पूरा नहीं होने पर महिला ने 8 अक्टूबर 2026 को सिविल लाइन रामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
मेडिकल जांच के दौरान अस्पताल में भर्ती हुआ आरोपी
पुलिस ने 10 अक्टूबर को पवन महतो को पकड़ा था। इसके बाद उसे मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) और मुलाहिजा जांच के लिए ले जाया गया। इसी दौरान आरोपी ने तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल के स्पेशल वार्ड में भर्ती आरोपी की निगरानी के लिए दो पुलिस आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। हालांकि, सामने आए वीडियो में दोनों आरक्षक आरोपी के पास आराम करते नजर आ रहे हैं। इस दृश्य के बाद उनकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सीएसपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले में आरक्षकों की भूमिका को लेकर कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि संबंधित समय पर आरोपी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी और वह तकनीकी रूप से पुलिस कस्टडी में भी नहीं था। हालांकि, उसके भागने की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
सीएसपी ने कहा कि यदि जांच में आरक्षकों की लापरवाही सामने आती है, तो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, अस्पताल में आरोपी के मोबाइल इस्तेमाल करने और पुलिसकर्मियों के आराम करते दिखाई देने वाले वीडियो को लेकर मामला चर्चा में है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि ड्यूटी के दौरान किसी तरह की लापरवाही हुई थी या नहीं।
