दुर्ग में 2 यूट्यूबर्स पर दूसरी FIR: महिला से वीडियो हटाने के बदले 50 हजार रुपये मांगने का आरोप

Spread the love

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट विवाद में पहले से जेल में बंद दो यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। एक महिला की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोप में एक और एफआईआर दर्ज की है।

शिकायतकर्ता नेहा मिश्रा, जो उमदा गांव में पिछले पांच वर्षों से ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) संचालित करती हैं, ने आरोप लगाया है कि दोनों यूट्यूबर्स आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने उनके कार्यालय पहुंचे और बातचीत को कथित रूप से तोड़-मरोड़कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में उन पर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी कर उनके खातों से पैसे निकालने के आरोप लगाए गए।

महिला का आरोप है कि वीडियो हटाने के बदले आरोपियों ने 50 हजार रुपये की मांग की। बदनामी के डर से उन्होंने अपनी जमा पूंजी से 35 हजार रुपये दे दिए, जिसके बाद वीडियो हटा लिया गया। हालांकि, बाद में दोनों ने कथित रूप से 2 लाख रुपये की नई मांग की और रकम नहीं देने पर नए वीडियो जारी कर बदनाम करने की धमकी दी।

शिकायत के अनुसार, पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने तीन से अधिक नए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई और ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन भी प्रभावित होने लगा।

पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) सहित अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी दर्ज हो चुका है मामला

यह दोनों यूट्यूबर्स के खिलाफ दर्ज पहला मामला नहीं है। इससे पहले महादेव सट्टा ऐप के कथित संचालक सौरभ चंद्राकर के कथित इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़े वायरल स्क्रीनशॉट मामले में भी दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।

वायरल स्क्रीनशॉट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम से कथित संदेश दिखाए गए थे। भूपेश बघेल ने इन चैट और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री को पूरी तरह फर्जी बताते हुए इसे उनकी छवि धूमिल करने की साजिश करार दिया था। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात भी कही थी।

फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि पुलिस नए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?