
दुर्ग 30 अप्रैल 2026। दुर्ग जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। भिलाई और दुर्ग के कई लोगों को सरकारी विभागों में नौकरी लगाने का झांसा देकर एक युवक ने लाखों रुपए ऐंठ लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में चार लोगों से कुल 16 लाख 15 हजार रुपए की ठगी का खुलासा हुआ है।
आरोपी की पहचान सातुम सेम्युल गुज्जर उर्फ आदी के रूप में हुई है, जो भिलाई के हुडको इलाके का रहने वाला है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। तितुरडीह वार्ड-19 निवासी उपासना देशमुख ने इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उपासना ने बताया कि उनकी पहचान अपनी सहेली के जरिए आरोपी से हुई थी। सहेलियों ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने वाला बताया था।
इसके बाद आरोपी ने उपासना को सेक्टर-9 स्थित इंडियन कॉफी हाउस के पास बुलाया और हेल्थ या अन्य विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। इसके लिए उसने 3 लाख 50 हजार रुपए की मांग की और शुरुआत में 20 हजार रुपए एडवांस ले लिए। इसके बाद आरोपी लगातार अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगता रहा। कभी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन तो कभी अधिकारियों को देने के नाम पर उसने उपासना से कुल 2 लाख 65 हजार रुपए वसूल लिए।
इतना ही नहीं, आरोपी ने उसे रायपुर मंत्रालय बुलाकर फर्जी जॉइनिंग लेटर थमाया और एक लाख रुपए और ले लिए। बाद में स्पीड पोस्ट के जरिए भी फर्जी नियुक्ति पत्र भेजा गया।जांच में सामने आया कि आरोपी ने मनीष साहू से 6.50 लाख, यमुना साहू से 4.50 लाख और रचना फिलिप्स से 2.50 लाख रुपए भी इसी तरह ठगे। सभी को अलग-अलग विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से फर्जी नियुक्ति पत्रए कूटरचित दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस ठगी में और कितने लोग शामिल हैं और कितने लोग इसके शिकार बने हैं।

