स्कूल वाहन जांच अभियान: नाबालिग चालकों पर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 59 वाहन जब्त

Spread the love

रायपुर, 7 अगस्त। राजधानी रायपुर में स्कूल आने-जाने के लिए दोपहिया और अन्य वाहन चलाने वाले नाबालिग छात्रों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को शहर के 9 प्रमुख स्कूलों के बाहर सघन जांच के दौरान 59 नाबालिग वाहन चालक पकड़े गए। सभी वाहनों को जब्त कर मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर 3 स्कूल वैन और 1 स्कूल ऑटो पर भी कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 63 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस उप महानिरीक्षक (डीसीपी) डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में रेयान स्कूल, द्रोणाचार्य स्कूल, ब्रह्मविद स्कूल, केपीएस स्कूल, केंद्रीय विद्यालय (डब्ल्यूआरएस), विंध्य पब्लिक स्कूल, एमजीएम स्कूल, देशबंधु स्कूल तथा होली हार्ट स्कूल के बाहर विशेष जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नाबालिग छात्रों द्वारा चलाए जा रहे वाहनों को जब्त कर यातायात मुख्यालय भेज दिया।

अभिभावकों की काउंसलिंग, दोबारा गलती पर सख्त कार्रवाई

कार्रवाई के बाद सभी नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को यातायात मुख्यालय बुलाकर काउंसलिंग की गई। एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू और सीमा अहिरवार ने अभिभावकों को बताया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना कानून का उल्लंघन है और इससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई नाबालिग दोबारा वाहन चलाते हुए पकड़ा गया तो मोटरयान अधिनियम की धारा 199(ए) के तहत संबंधित अभिभावकों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अब तक की कार्रवाई

  • 59 नाबालिग वाहन चालक पकड़े गए।
  • 3 स्कूल वैन और 1 स्कूल ऑटो पर कार्रवाई।
  • एक दिन में कुल 63 वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई।
  • विशेष अभियान के तहत अब तक 340 वाहनों पर कार्रवाई।
  • इनमें 269 नाबालिग वाहन चालक और 71 स्कूल ऑटो शामिल।

अभियान रहेगा जारी

यातायात पुलिस ने कहा है कि स्कूलों के बाहर यह विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को दोपहिया या अन्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?