48 घंटे में अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाने वाले सीसीटीवी लगाने वाले नागरिकों का पुलिस ने किया सम्मान

Spread the love

भिलाई, 7 अगस्त। दुर्ग-धमधा मार्ग पर हुई अंधी हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का मात्र 48 घंटे में खुलासा करने वाली दुर्ग पुलिस ने जांच में सहयोग देने वाले जागरूक नागरिकों को सम्मानित किया। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) दुर्ग हर्षित मेहर ने जेवरा-सिरसा एवं चिखली क्षेत्र के उन नागरिकों को कार्यालय में पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया, जिनके द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे अपराध की गुत्थी सुलझाने में निर्णायक साबित हुए।

पुलिस के अनुसार घटना देर रात करीब 2 बजे हुई थी। घटना स्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था, जिससे जांच चुनौतीपूर्ण बन गई। ऐसे समय में सड़क की ओर सही दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त फुटेज पुलिस के लिए सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्य बने।

जांच टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने और मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करने में सफल रही।

सीएसपी हर्षित मेहर ने कहा कि अपराध नियंत्रण और जांच में आम नागरिकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपने प्रतिष्ठानों एवं घरों में गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को फुटेज एवं डीवीआर समय पर उपलब्ध कराने की अपील की।

सम्मान समारोह के दौरान पुलिस प्रशासन ने सहयोग करने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी बेहतर समन्वय बनाए रखने के उद्देश्य से सीएसपी ने उपस्थित लोगों के साथ अपना व्यक्तिगत संपर्क नंबर भी साझा किया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाई जा सके।

पुलिस का मानना है कि जागरूक नागरिकों की भागीदारी और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से अपराधों की जांच और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?