
दुर्ग। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के भूगर्भशास्त्र विभाग का भूतपूर्व छात्र धर्मेश देशमुख भूविज्ञान विषय के विद्यार्थियों को आगामी 4 अक्टूबर को आयोजित होने वाली सेट परीक्षा की तैयारी हेतु गहन प्रशिक्षण निःशुल्क दे रहा है। यह जानकारी देते हुए भूगर्भशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि भूविज्ञान विभाग में शिक्षण में नवाचार योजना के अंतर्गत ऐसे भूतपूर्व विद्यार्थी जो भूविज्ञान विषय से संबंधित केन्द्रीय एवं राज्य सरकार के प्रतिष्ठिानों में अथवा पब्लिक सेक्टर में उच्च पदों पर आसीन है, वे सभी समय-समय पर अपने से जूनियर एवं वतमान में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित होने हेतु लगातार प्रशिक्षण देते रहे है। इस योजना का परिणाम है, कि पिछले 5 वर्षों में भूगर्भशास्त्र विभाग साईंस कालेज, दुर्ग से 6 विद्यार्थियों का छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश में माइनिंग इंस्पेक्टर के पद पर चयन तथा 3 विद्यार्थियों का छत्तीसगढ़ शासन के जियोलॉजी एवं माइनिंग विभाग में सहायक जियोलॉजिस्ट के पद पर चयन एवं एक विद्यार्थी का संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा आयोजित भूवैज्ञानिक परीक्षा में हुआ है।
भूगर्भशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में एलुमनी संगठन की महाविद्यालय में सहभागिता एवं विभागीय विद्यार्थियों को परीक्षाओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त हेतु दिया जाने वाला प्रशिक्षण महत्वपूर्ण माना गया है। विगत 5 वर्षों में भूगर्भशास्त्र के लगभग 10 भूतपूर्व छात्रों ने इस योजना के अंतर्गत महाविद्यालय आकर एवं ऑनलाईन पध्दति से वर्तमान विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने का सराहनीय कार्य किया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने भूगर्भशास्त्र विभाग द्वारा आरंभ किये गये, शिक्षण में नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों के लिये अत्यंत लाभदायक है। अपने सीनियर विद्यार्थियों को उच्च पद पर आसीन देखते हुए इन विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलता है। डॉ. सिंह ने अन्य विभागों से भी इस तरह की नवाचार योजना को प्रारंभ करने का आग्रह किया।


