
चक्रधर समारोह देखने निकला था किशोर, पुराने बस डिपो के पास मिला था शव; पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
रायगढ़ जिले में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, युवती को लेकर हुए विवाद के बाद दो युवकों ने किशोर की हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मृतक का मोबाइल और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं।
चक्रधर समारोह देखने निकला था किशोर
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे 16 वर्षीय किशोर चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। 15 सितंबर की सुबह कोतवाली पुलिस को रामभांठा स्थित पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में एक शव पड़े होने की सूचना मिली।
सूचना पर पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। परिजनों ने शव की पहचान 16 वर्षीय किशोर के रूप में की। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया।
आखिरी बार साथ देखे गए युवकों से पूछताछ
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। गवाहों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उन युवकों तक पहुंची, जिन्हें किशोर के साथ आखिरी बार देखा गया था।
जांच में बैकुंठपुर निवासी 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी के साथ किशोर के विवाद की जानकारी सामने आई। दोनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
युवती को लेकर हुआ विवाद, पहले छीना मोबाइल
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 14 सितंबर को रामलीला मैदान में चक्रधर समारोह देखने पहुंचे थे। वहां उन्होंने किशोर को एक परिचित युवती के साथ देखा। पुलिस का कहना है कि आरोपी शिवम बानी का युवती के प्रति एकतरफा लगाव था।
इसी बात को लेकर किशोर को रामलीला मैदान के पास बुलाया गया। आरोप है कि शिवम बरेठ ने किशोर का मोबाइल अपने पास रख लिया और मोबाइल वापस करने के बदले 1,000 रुपये की मांग की। इसके बाद दोनों आरोपी किशोर को पुराने बस डिपो की ओर ले गए।
पत्थर से सिर पर किए कई वार
पुलिस के मुताबिक, पुराने बस डिपो के पास दोनों आरोपियों ने किशोर को युवती से मिलने-जुलने से मना किया और उसे डराया-धमकाया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दोनों ने पत्थर से किशोर के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी शिवम बरेठ के कब्जे से मृतक का मोबाइल बरामद किया है। आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
क्राइम सीन का कराया गया रिकंस्ट्रक्शन
पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन कराया और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम बरेठ की पूर्व में भी मारपीट के मामले में संलिप्तता रही है और उसके खिलाफ कोतवाली थाने में पूर्व अपराध दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने कहा- कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने और हिंसा का सहारा लेने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई सख्त और प्रभावी रहेगी। हत्या जैसे गंभीर मामलों में त्वरित विवेचना, साक्ष्य संकलन और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस की कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन और डीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- शिवम बरेठ, पिता दिनेश बरेठ, उम्र 20 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, रायगढ़।
- शिवम बानी, पिता संतराम बानी, उम्र 23 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, महावीर चौक, रायगढ़।
