
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक युवक पहले से शादीशुदा है, लेकिन वह अपने परिवार से अलग होकर सकरी स्थित अटल आवास में दूसरी महिला के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से साथ में रह रहे थे और उनके साथ एक छोटी बच्ची भी थी। आसपास के लोगों के अनुसार दोनों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप
बताया जा रहा है कि किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान युवती ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाने ले जाया गया।
थाने में घंटों चलता रहा ड्रामा
सकरी थाना पहुंचने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और हंगामा चलता रहा। पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराने की कोशिश की। बाद में मामला कोर्ट पहुंचा, जहां दोनों ने स्टाम्प पेपर पर आपसी सहमति से अलग-अलग रहने का फैसला किया।
समझौते के बाद भी नहीं थमा विवाद
सूत्रों के अनुसार समझौते के बाद भी थाना परिसर में काफी देर तक बहस और हंगामा जारी रहा। युवती के व्यवहार को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों के बीच युवती के शराब सेवन को लेकर भी बातें सामने आईं, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
पूरी घटना के बाद सकरी क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रेम संबंध, चाकूबाजी और थाने के बाहर हुए हाईवोल्टेज ड्रामे को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

