
घर के अंदर खाट पर मिले शव, गांव में फैली दहशत
जांजगीर-चांपा, 14 मई 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भवंतरा में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। घर के अंदर खाट पर चारों के शव मिलने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि सुबह घर में काम करने पहुंचे मिस्त्रियों ने जब परिवार के सदस्यों को खाट पर पड़ा देखा तो तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।
घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल देखने को मिला। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस सामूहिक हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


