मैदान में गिरी आसमानी बिजली, 12वीं के छात्र की मौत

Spread the love

दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था युवक, बारिश के दौरान हुआ हादसा

दुर्ग-भिलाई, 14 मई 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बुधवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। पुरैना इलाके में क्रिकेट खेल रहे 18 वर्षीय छात्र की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शक्ति बिश्नोई के रूप में हुई है, जो 12वीं कक्षा का छात्र था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक शक्ति अपने दोस्तों के साथ मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश होते देख सभी बच्चे मैदान से वापस लौटने लगे, तभी अचानक तेज बिजली कड़की और शक्ति उसकी चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शी पार्थ महानंद ने बताया कि बिजली गिरते ही शक्ति जमीन पर गिर पड़ा। उसके दोस्त और आसपास मौजूद लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। पहले उसे सनसाइन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बी.एम. शाह हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि शक्ति बिश्नोई अपने परिवार का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला मॉर्चुरी भेज दिया।

खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील

विशेषज्ञों ने खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली के समय खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और हाईटेंशन लाइन के पास खड़े होने से बचना चाहिए। बारिश शुरू होते ही सुरक्षित भवन या घर के अंदर चले जाना सबसे सुरक्षित माना जाता है।

इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग, खुले तार और धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखने की भी सलाह दी गई है। यदि कोई व्यक्ति खुले मैदान में फंस जाए तो दोनों पैर साथ रखकर नीचे झुक जाए, लेकिन जमीन पर पूरी तरह न लेटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?