विवाह समारोह में नाबालिग बालिकाओं से छेड़छाड़, विरोध करने पर मारपीट – 5 आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार

Spread the love

कोंडागांव |

जिले के जैतपुरी क्षेत्र के एक गांव में आयोजित विवाह समारोह के दौरान नाबालिग बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब पीड़ित बालिकाएं बारात में शामिल थीं। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को समझाने का प्रयास किया।

समझाइश के बाद भड़के आरोपी, की मारपीट

सूत्रों के अनुसार, परिजनों द्वारा समझाइश देने के बाद भी आरोपी युवक उग्र हो गए। उन्होंने “शिकायत करोगी” कहकर बालिकाओं, उनके परिजनों और बीच-बचाव करने वाले बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्राम सभा में नहीं बनी बात, बढ़ा विवाद

घटना के बाद मामला ग्राम सभा तक पहुंचा, लेकिन वहां भी कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। आरोप है कि कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा युवकों को संरक्षण देने की बात सामने आई, जिससे मामला सुलह की बजाय और बिगड़ गया।

कोतवाली पहुंचा मामला, दर्ज हुई FIR

अंततः पीड़ित पक्ष नाबालिग बालिकाओं और ग्रामीणों के साथ कोंडागांव कोतवाली पहुंचा, जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 5 गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर दबिश दी और इस प्रकरण में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

सुरक्षा को लेकर प्रशासन की अपील

प्रशासन और पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक एवं पारिवारिक आयोजनों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

सवालों के घेरे में स्थानीय भूमिका

इस पूरे घटनाक्रम में एक महत्वपूर्ण सवाल यह भी उठ रहा है कि जब मामला समझाइश से सुलझ सकता था, तब आखिर किसके संरक्षण में युवकों का मनोबल बढ़ा? क्या किसी के द्वारा उन्हें गुमराह कर उकसाया गया? यह भी चर्चा है कि कहीं व्यक्तिगत या राजनीतिक स्वार्थ के चलते युवाओं को भड़काकर उन्हें अपराध की ओर तो नहीं धकेला जा रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?