दिनदहाड़े खूनी तांडव : बदमाश ने जमकर उत्पात मचाया, चाकू लहराकर 3 घंटे तक लोगों में फैलाई दहशत……

Spread the love

 

खैरागढ़। शहर के बरेठपारा इलाके में एक युवक ने दिनदहाड़े करीब तीन घंटे तक चाकू लहराकर जमकर उत्पात मचाया। आरोपी अमन रजक, उम्र 20 वर्ष निवासी बरेठपारा नशे की हालत में खून से सना चाकू लेकर सड़कों पर घूमता रहा और चौक में स्थित पाल किराना दुकान में घुसकर तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंक दिया तथा कुछ सामान में आग लगा दी।

इस दौरान उसने कई लोगों के साथ मारपीट की और कुंदन रजक की घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ कर सीट को ब्लेड से चीर दिया। इसके बाद आरोपी ने एक घर पर पत्थरबाजी की, जिससे दहशत में आए लोग अंदर घुसकर अपनी जान बचाने को मजबूर हो गए। आरोपी ने कई घरों के बिजली मीटर उखाड़ दिए और महिलाओं व बच्चियों को धमकाया। बड़ी संख्या में मौजूद लोग डर के कारण मूकदर्शक बने रहे।

आखिरकार कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाकर आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। गौरतलब है कि इस घटना से महज दो दिन पहले ही खैरागढ़ थाना पुलिस ने शहर में कॉम्बिंग गश्त चलाकर आदतन अपराधियों के घरों पर दबिश दी थी और सख्त चेतावनी भी जारी की थी। इसके बावजूद इस तरह की दिनदहाड़े वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?