
बिलासपुर। बिलासपुर में शादी से पहले खुद को बीट्स पिलानी से बीटेक और जयपुर की एक बड़ी कंपनी में 48 लाख रुपए सालाना वेतन पर नौकरी करने वाला बताने वाले युवक पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। युवती का आरोप है कि युवक ने परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन और पिता के कारोबार का 88 लाख रुपए सालाना टर्नओवर होने की जानकारी भी दी थी। शादी के बाद उसका बायोडाटा फर्जी निकला और नौकरी सहित कई दावे गलत पाए गए।
युवती की शिकायत पर बिलासपुर के कोनी थाना पुलिस ने युवक हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले युवती ने जशपुर में शिकायत की थी। वहां पुलिस ने शून्य पर रिपोर्ट दर्ज कर केस डायरी बिलासपुर पुलिस को भेजी थी।
शादी से पहले दिखाया बायोडाटा, बड़े पैकेज का किया दावा
पुलिस के मुताबिक, जशपुर निवासी 30 वर्षीय युवती वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रही है। हर्षदीप राम जाड़ी उसके साथ हाईस्कूल में पढ़ता था। वर्ष 2022 में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई और इसके बाद बातचीत शुरू हुई।
मई 2024 में हर्षदीप ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने परिवार की सहमति से शादी करने की बात कही। इसके बाद 8 जनवरी 2025 को कोनी स्थित आरजे प्वाइंट कैफे में मुलाकात के दौरान हर्षदीप ने अपना बायोडाटा दिया।
शिकायत के अनुसार, बायोडाटा में उसने खुद को बीट्स पिलानी से बीटेक और जयपुर की एक कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर बताया। उसने 48 लाख रुपए सालाना वेतन का दावा किया था। इसके अलावा पिता के व्यवसाय का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपए और परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन होने की जानकारी दी गई थी।
इन जानकारियों पर भरोसा कर युवती और उसके परिवार ने शादी के लिए सहमति दे दी।
शादी से पहले अलग-अलग बहाने से रकम लेने का आरोप
12 मार्च 2026 को बिलासपुर के होटल पेट्रीशियन में दोनों की शादी हुई। शिकायत के मुताबिक, शादी का खर्च हर्षदीप के पिता लोधन राम द्वारा उठाने की बात कही गई थी।
युवती का आरोप है कि शादी से पहले फरवरी और मार्च में अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर हर्षदीप और उसकी मां के खातों में कुल 4.96 लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए। इसके अलावा हर्षदीप ने अपने खाते में 60 हजार रुपए लिए। शिकायत में कुल 6.76 लाख रुपए लिए जाने का आरोप लगाया गया है।
शादी की रात ही सामने आने लगी सच्चाई
शिकायत के अनुसार, शादी की रात टेंट और कैटरिंग से जुड़े काम में परेशानी आने लगी। पूछताछ करने पर कैटरिंग संचालकों ने बताया कि उन्हें केवल 10-10 हजार रुपए एडवांस दिए गए हैं। इसके बाद युवती के पिता ने कैटरर को 90 हजार रुपए और उसके मामा ने टेंट संचालक को 90 हजार रुपए का भुगतान किया।
अगले दिन होटल से निकलते समय भुगतान नहीं होने के कारण होटल संचालक ने हर्षदीप की कार रोक ली। इसके बाद हर्षदीप और उसके पिता के मोबाइल फोन बंद हो गए।
पूछताछ में नौकरी और डिग्री के दावे गलत होने का आरोप
मामले पर संदेह होने के बाद युवती ने हर्षदीप से पूछताछ की। शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने बीट्स पिलानी से पढ़ाई नहीं की है और उसके पास कोई नौकरी भी नहीं है। उसने बताया कि वह अपने पिता के साथ इमू के तेल का कारोबार करता है।
इसके बाद शादी में मिले जेवर की जांच कराई गई। युवती का आरोप है कि जांच में जेवर भी नकली पाए गए।
शिकायत के आधार पर कोनी पुलिस ने हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले में लगाए गए आरोपों, पैसों के लेन-देन, बायोडाटा और शादी से जुड़े भुगतान की जांच कर रही है।
क्या है इमू ऑयल?
इमू ऑयल ऑस्ट्रेलिया मूल के बड़े उड़ानहीन पक्षी इमू की चर्बी को प्रोसेस करके तैयार किया जाता है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से कुछ कॉस्मेटिक और पारंपरिक उत्पादों में किया जाता है।

