
बारिश से बचने पेड़ के नीचे रुके थे युवक, दूसरा गंभीर रूप से झुलसा
दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 30 वर्षीय युवक गजराज साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय ठाकुर गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गए। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना लिटिया चौकी क्षेत्र के मोहंदी मोड़ के पास बांध के नजदीक की है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे दुर्ग-खैरागढ़ मुख्य मार्ग से दो युवक गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों युवक सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
अचानक गिरी आकाशीय बिजली
दोनों युवक पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़े थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से दोनों युवक बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लिटिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान मोहंदी निवासी 30 वर्षीय गजराज साहू के रूप में हुई है।
वहीं, घायल युवक की पहचान राजनांदगांव जिले के बुंदेली निवासी संजय ठाकुर के रूप में हुई है। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इस हादसे के बाद मोहंदी गांव में भी शोक की लहर है। गजराज साहू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में मातम पसरा हुआ है।
विशेषज्ञों के अनुसार, आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़ा होना जोखिमपूर्ण हो सकता है। गरज-चमक के समय लोगों को सुरक्षित पक्के स्थान पर शरण लेने की सलाह दी जाती है।

