राम मंदिर चंदा विवाद पर विधानसभा में हंगामा, कार्यवाही मंगलवार तक स्थगितकांग्रेस ने लगाए चंदा गड़बड़ी के आरोप, सरकार ने बताया राज्य के अधिकार क्षेत्र से बाहर का मामला; कल अविश्वास प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखा टकराव देखने को मिला। कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित कांग्रेस विधायक पोस्टर लेकर सदन में पहुंचे और मामले पर चर्चा की मांग की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि रामभक्तों की आस्था के साथ विश्वासघात हुआ है और इस विषय पर सदन में चर्चा होनी चाहिए।

संसदीय कार्य मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि यह मामला राज्य सरकार और विधानसभा के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी इसी आधार पर स्थगन प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया। इसके बाद विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के चलते पहले सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित की गई, लेकिन दोबारा शुरू होने पर भी गतिरोध जारी रहा। लगातार हंगामे के कारण अध्यक्ष ने कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था, लेकिन उस चंदे में डकैती पड़ गई। उनके इस बयान पर सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध जताया और सदन में माहौल और अधिक गर्मा गया।

प्रश्नकाल में गूंजा बीएड-डीएड कॉलेजों का मुद्दा

सदन में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक लता उसेंडी ने कोंडागांव स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में बीएड और डीएड पाठ्यक्रम संचालित नहीं होने तथा रिक्त पदों का मुद्दा उठाया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।

उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि नई शिक्षा नीति प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लागू की जा चुकी है। बीएड और डीएड कॉलेजों के संबंध में टास्क फोर्स का गठन किया गया है तथा 13 महाविद्यालयों में इन पाठ्यक्रमों को शुरू करने की संभावना पर काम चल रहा है।

तीजन बाई को दी गई श्रद्धांजलि

सत्र की शुरुआत पद्म विभूषण से सम्मानित पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तीजन बाई ने अपनी कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई और उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके निधन से प्रदेश की सांस्कृतिक दुनिया को अपूरणीय क्षति हुई है। श्रद्धांजलि के सम्मान में सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित की गई।

पिंक ऑटो से पहुंचे मंत्री और विधायक

मानसून सत्र के पहले दिन मंत्री खुशवंत साहेब और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर पिंक ऑटो में सवार होकर विधानसभा पहुंचे, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

आज अविश्वास प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस

सत्र के दूसरे दिन 14 जुलाई को कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। हालांकि विधानसभा में भाजपा के बहुमत को देखते हुए प्रस्ताव के पारित होने की संभावना कम है, लेकिन कांग्रेस इस बहाने कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं, बिजली-पानी, सड़क, शिक्षा और अन्य जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं के बीच तीखी राजनीतिक बहस होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?