हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में लीना रावटे की पीएचडी मौखिक परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न

Spread the love

दुर्ग, । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में गणित विषय की शोधार्थी सुश्री लीना रावटे की पीएच.डी. की मौखिक परीक्षा (वाइवा-वोसे) गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उनका शोध विषय “Common Fixed Point Theorems in Various Topological Spaces” रहा, जिसे विशेषज्ञों ने उच्च स्तरीय, मौलिक एवं शोधपरक बताया।

शोधकार्य का निर्देशन डॉ. ए. के. मिश्रा, प्राचार्य, डी.आर.एस. शासकीय महाविद्यालय, रानीतराई, दुर्ग ने किया, जबकि सह-निर्देशन डॉ. राकेश तिवारी, प्राचार्य एवं गणित विभागाध्यक्ष, शासकीय वी.वाई.टी. स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग ने किया। शोध का केंद्र शासकीय वी.वाई.टी. स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग तथा हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग रहा।

मौखिक परीक्षा के दौरान शोधार्थी ने बताया कि उनका शोध विभिन्न टोपोलॉजिकल स्पेस में कॉमन फिक्स्ड पॉइंट प्रमेयों का अध्ययन करता है। इन सिद्धांतों के माध्यम से वास्तविक जीवन की अनेक जटिल समस्याओं को गणितीय मॉडल में परिवर्तित कर उनके प्रभावी एवं सटीक समाधान प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह शोध गणित एवं अनुप्रयुक्त विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला सिद्ध होगा।

मौखिक परीक्षा के बाह्य परीक्षक डॉ. सी. के. मिश्रा, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, गणित एवं सांख्यिकी विभाग, डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या (उत्तर प्रदेश) रहे। उन्होंने शोधकार्य का विस्तृत मूल्यांकन करते हुए इसे उच्च गुणवत्ता वाला एवं मौलिक शोध बताया तथा शोधार्थी की सराहना की।

इस अवसर पर पीएच.डी. सेल के प्रभारी डॉ. हेमंत साव, गणित संकाय के डॉ. जयनेन्द्र कुमार श्रीवास एवं डॉ. श्रद्धा राजपूत उपस्थित रहे। सभी ने शोधार्थी को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी ने कहा कि यह शोध विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को नई दिशा प्रदान करेगा तथा गणित के क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देगा। वहीं शासकीय वी.वाई.टी. स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अजय कुमार सिंह ने इसे महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह भावी शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री भूपेन्द्र कुलदीप ने भी शोधार्थी को पीएच.डी. उपाधि प्राप्ति पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। अंत में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय परिवार ने सुश्री लीना रावटे की इस शैक्षणिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?