दुर्ग-रायपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, दो सगी बहनों समेत 4 की मौत, एक मासूम गंभीर

Spread the love

दुर्ग, 16 जुलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की दो सगी बहनों और दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुम्हारी थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब पांच लोग एक ही स्कूटी पर सवार होकर भिलाई-3 के सोमनी से रायपुर स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे स्कूटी जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार अमृता निर्मलकर (28), उनकी सगी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26), अमृता की 7 वर्षीय बेटी याचना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमृता का 8 वर्षीय बेटा भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका आईसीयू में उपचार जारी है।

परिजनों के मुताबिक, हादसे से महज दो दिन पहले 14 जुलाई को याचना का जन्मदिन पूरे परिवार ने खुशी-खुशी मनाया था। अगले ही दिन रिश्तेदारों से मिलने रायपुर जाने का कार्यक्रम बनाया गया था, लेकिन यह सफर परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मॉर्च्युरी भेजा। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) को जब्त कर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।

इधर, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था और पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त होने के कारण राहत कार्य में देर हुई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा, ओवरलोडिंग और हाईवे पर खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?