
दुर्ग। इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय वैशाली नगर में प्राचार्य डॉ. श्रीमती अलका मेश्राम की अध्यक्षता में दीक्षारंभ 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस दौरान नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई।
नैक समन्वयक डॉ. मेरेली रॉय ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की उपलब्धियों और शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद एनईपी एवं पीएम ऊषा समन्वयक डॉ. संजय दास, आईक्यूएसी प्रभारी सुश्री शैल शर्मा, एनसीसी प्रभारी श्री महेश अलेंद्र, एनएसएस प्रभारी श्री सुरेश ठाकुर, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. अजय मनहर, ग्रंथपाल श्री दानेश्वर वर्मा, क्रीड़ाधिकारी श्री यशवंत देशमुख तथा छात्रवृत्ति प्रभारी श्रीमती सुनीता कटरे ने अपने-अपने विभागों की गतिविधियों एवं सुविधाओं का प्रस्तुतिकरण किया।
प्राचार्य ने महाभारत के प्रसंगों से समझाया व्यवहारिक ज्ञान का महत्व
प्राचार्य डॉ. श्रीमती अलका मेश्राम ने अपने उद्बोधन में महाभारत के प्रेरणादायी प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन में व्यवहारिक ज्ञान, अनुशासन और सही निर्णय लेने के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य के निर्माण का महत्वपूर्ण समय है, इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ जीवन मूल्यों और व्यवहारिक ज्ञान पर भी ध्यान देना चाहिए।
मोबाइल के सीमित उपयोग पर दिया जोर
प्राचार्य ने मोबाइल के बढ़ते उपयोग के दुष्परिणामों पर भी विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में एकाग्रचित होकर अध्ययन करना बेहद आवश्यक है, लेकिन मोबाइल का अत्यधिक उपयोग पढ़ाई में बाधक बन सकता है। ऐसे में विद्यार्थियों को मोबाइल के उपयोग को सीमित रखते हुए अपने अध्ययन और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. अल्पा श्रीवास्तव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमृतेष शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. कैलाश शर्मा, डॉ. नीता डेनियल, प्रो. सुशीला शर्मा, प्रो. कौशल्या शास्त्री, डॉ. एम.एस. पटेल, डॉ. आरती दीवान, डॉ. रबिन्दर छाबड़ा, डॉ. चांदनी मरकाम, प्रो. अत्रिका कोमा, डॉ. निशा गुप्ता, डॉ. संतोष अग्रवाल, डॉ. खेमराज चंद्राकर, डॉ. रमा बैनर्जी, सुश्री सिम्मी गहलोत सहित महाविद्यालय के कार्यालयीन स्टाफ, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
