
भिलाई। इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर, भिलाई में प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ श्रीमती अलका मेश्राम के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वाणिज्य क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न व्यावसायिक कैरियर विकल्पों, विशेषकर CA, CMA एवं CS जैसे पाठ्यक्रमों की जानकारी प्रदान करना था।
प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. अजय मनहर ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. कैलाश शर्मा ने कैरियर निर्माण में ऐसे कार्यक्रमों की उपयोगिता बताई, जबकि कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष प्रो सुरेश कुमार ठाकुर ने व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता CA श्री श्रेयांश आर्य ने विद्यार्थियों को CA, CMA एवं CS की पात्रता, पाठ्यक्रम, कैरियर संभावनाओं एवं रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ICAI द्वारा उपलब्ध छात्रवृत्ति, निःशुल्क कक्षाओं एवं अन्य विद्यार्थी हितैषी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. अमृतेश शुक्ला ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो अत्रिका कोमा ने किया। कार्यक्रम में लगभग 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
