भिलाई, 24 जून 2026। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आज महाविद्यालय परिसर में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्ति’ विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली, नारा लेखन, पोस्टर निर्माण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से हुई, जिसमें एनएसएस के स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने हाथों में नशा विरोधी संदेशों से युक्त तख्तियां लेकर महाविद्यालय परिसर में रैली निकाली। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया गया।
इसके पश्चात नारा लेखन, पोस्टर प्रतियोगिता एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति विषय पर प्रभावशाली, प्रेरणादायक एवं जागरूकता बढ़ाने वाले नारे और रचनाएं प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे के विरुद्ध अपनी रचनात्मक सोच का परिचय दिया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह, कार्यक्रम अधिकारी (छात्रा इकाई) डॉ. मीना मान, कार्यक्रम अधिकारी (छात्र इकाई) प्रो. तरुण साहू तथा वाणिज्य संकाय विभागाध्यक्ष डॉ. सुमित अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेविकाएं राधिका साहू, रोशनी द्विवेदी, मुस्कान, नीता, नंदिनी, देवांशी एवं पद्मिनी तथा स्वयंसेवक मोहम्मद आदिल, अनुभव झा, युवराज यादव और भाग्यांशु विश्वकर्मा ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने एनएसएस के इस सराहनीय एवं प्रेरणादायक प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में सामाजिक चेतना, जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवन मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

