
राजनांदगांव। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने के उद्देश्य से आज राजनांदगांव में नशा मुक्ति जनजागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली खेलो इंडिया एवं शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय राजनांदगांव, दिग्विजय महाविद्यालय, कमला देवी राठी महाविद्यालय तथा पॉलिटेक्निक महाविद्यालय राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
रैली में महाविद्यालयों के विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने साइकिल के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के कारण होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया। रैली के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया गया।
इस जनजागरूकता अभियान को राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक श्रीमती मोनिका दास का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय के अधिकारी श्री कन्नौजे सर के मार्गदर्शन में भी विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
रैली का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों तक यह संदेश पहुंचाना रहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। आयोजकों ने लोगों से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
