बिलासपुर की लाइब्रेरियों में इंस्टीट्यूट संचालक पर दबंगई के आरोप, छात्रों और कर्मचारियों से गाली-गलौज

Spread the love

विवाद के बाद तीन लाइब्रेरियों में पहुंचकर बदसलूकी और धमकी देने का आरोप, CCTV फुटेज के साथ पुलिस से शिकायत

बिलासपुर में गांधी चौक स्थित 3-ए कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की चौथी मंजिल पर संचालित लाइब्रेरियों में एक इंस्टीट्यूट संचालक पर घुसकर छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों से गाली-गलौज, बदसलूकी और धमकी देने के आरोप लगे हैं। घटना 30 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। मामले की शिकायत सिटी कोतवाली पुलिस से की गई है। शिकायतकर्ताओं ने घटना से संबंधित CCTV फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं।

छात्र से विवाद के बाद बढ़ा मामला

शिकायत के मुताबिक, 30 सितंबर की शाम करीब 6 बजे आईबीटी इंस्टीट्यूट के संचालक राहुल चौथी मंजिल स्थित शुभ लाइब्रेरी में पहुंचे। वहां एक छात्र से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान छात्र का कॉलर फाड़ दिया गया।

इसके बाद वहां मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं और लाइब्रेरी संचालक के साथ भी कथित तौर पर गाली-गलौज और बदसलूकी की गई। आरोप है कि इसके बाद राहुल पूजा लाइब्रेरी पहुंचे, जहां रिसेप्शन पर मौजूद महिला कर्मचारी से भी गाली-गलौज और बदसलूकी की गई।

तीन लाइब्रेरियों में विवाद और धमकी का आरोप

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पूजा लाइब्रेरी के संचालक उस समय मौके पर मौजूद नहीं थे, फिर भी उनके बारे में अपशब्द कहे गए और महिला कर्मचारी को धमकाया गया। इसके बाद ज्ञान लाइब्रेरी में भी पहुंचकर कर्मचारियों और विद्यार्थियों से विवाद करने का आरोप है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि शुभ लाइब्रेरी में पढ़ने वाले छात्रों को कट्टा-पिस्तौल लेकर आने की बात कहकर डराया गया। घटना के कारण कॉम्प्लेक्स में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

112 पर दी सूचना, पुलिस कर रही जांच

घटना के बाद लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से जा चुका था। इसके बाद लाइब्रेरी संचालकों ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस को CCTV फुटेज भी उपलब्ध कराए गए हैं। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और CCTV फुटेज की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?